अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी छिनी

डरोह (कांगड़ा)। विकास खंड सुलह स्थित भेडू महादेव ब्लॉक समिति ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया। इसके चलते मौजूदा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से अब उनकी कुर्सी छिन गई है। जिला पंचायत अधिकारी की अध्यक्षता में 12 बागी सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। सुलह बीडीसी में कुल 19 सदस्य हैं। इनमें से 12 एकजुट हैं तथा 7 सोमवार की बैठक में अनुपस्थित रहे। अन्य सदस्य गैरहाजिर रहे। मौजूदा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी बैठक में नहीं आए।
12 सदस्यों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों की सहमति पहले ही बना ली थी। जानकार सूत्र बता रहे हैं कि एक बार फिर अध्यक्ष की कुर्सी महिला उम्मीदवार की होगी और उपाध्यक्ष पद पर पुरुष सदस्य विराजमान होगा। हालांकि, ब्लॉक समिति में 19 सदस्य हैं और 13 लोगों ने 15 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए थे। सोमवार को एक सदस्य उनमें से भी गायब रहा। सोमवार को जिला पंचायत अधिकारी राजेंद्र धीमान और बीडीओ विद्या ठाकुर के पास रुष्ट सदस्यों ने उपस्थिति दी। दूसरे पक्ष का एक भी सदस्य मौजूद नहीं रहा।
जिला पंचायत अधिकारी ने बताया कि अब इन पदों के लिए चुनाव होना है। चुनाव जिलाधीश व उपमंडलाधिकारी पालमपुर के माध्यम से आगामी निर्धारित तिथि को तय होगा। खंड विकास अधिकारी विद्या ठाकुर भी बैठक में मौजूद रहीं।

Related posts