
थुरल (कांगड़ा)। थुरल इलाके में हुई चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से तीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दो को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने इन आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत व रिमांड मिला है। जानकारी के अनुसार पांच अप्रैल को थुरल इलाके के गांव काना सवां में चुनी लाल व उर्मिला देवी के घर के ताले तोड़ कर करीब दस लाख के गहने व एक लाख की नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। इसकी शिकायत थुरल में पुलिस में दर्ज करवाई गई थी। उसके बाद मामले की छानबीन में जुटी पुलिस ने इस मामले में पांच लोग गिरफ्तार किए। इसमें एक वाहन चालक व एक सुनार शामिल हैं। इन सभी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। चार दिन पहले पहले गिरफ्तार किए गए टोलू राम, शुभ राम निवासी शेरा थाना व सन्नी निवासी बलधर को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शनिवार को गिरफ्तार किए वाहन चालक राम प्रसाद निवासी लरंहू (रैहण) और सुनार पवन कुमार निवासी 53 मील को पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से सुनार पवन कुमार से 3 तोला सोना व 50 तोले चांदी बरामद की गई है।
