
बैजनाथ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में सावन माह के दूसरे सोमवार को करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने शिव लिंग रूपी भोले शंकर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सुबह चार बजे आरती के उपरांत मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। देर रात तक श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन करतेे रहे। इस सोमवार को पूरा दिन मौसम साफ रहने के चलते श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ उमड़ी।
मंदिर न्यास के जीडी अवस्थी, प्यार चंद अवस्थी, सुरेश कुमार और प्रशासन की तरफ से तहसीलदार डीसी ठाकुर मंदिर में व्यवस्था की देखरेख के लिए मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से महिला और पुरुष पुलिस कर्मचारी मंदिर परिसर में मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने मंदिर के नीचे विनबा खड्ड के किनारे स्थित खीर गंगा घाट में पवित्र स्नान किया। मंदिर के समीप प्राथमिक स्कूल में भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महाकाल मंदिर में भी श्रावण माह के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
मंदिर के पुजारी सुरिंद्र आचार्य के अनुसार सावन माह में ही मां पार्वती ने भोले बाबा की भक्ति कर उनका साथ प्राप्त किया था। उनके अनुसार इस माह भगवान शिव भक्ति और शिवलिंग पर जल चढ़ाने मात्र से ही प्रसन्न हो जाते हैं। वह भक्तों की हर मन्नत को पूरा करते हैं। कन्याओं के लिए मनचाहे वर प्राप्ति का रास्ता इस माह शिव की भक्ति से आसान हो जाता है। दावे के अनुसार बैजनाथ मंदिर में दूसरे सोमवार को करीब 25 हजार से अधिक भक्तों ने भोले के दर्शन किए। मंदिर न्यास के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम ओपी ठाकुर ने मेले के सफल आयोजन के लिए समस्त लोगों का धन्यवाद किया।
