दो हजार बीघा पर काले सोने की खेती

कुल्लू। काले सोने के कारोबार में जुटे चरस माफिया को नेस्तनाबूद करने को लेकर पुलिस ने तैयारी कर ली है। पुलिस महकमे के सर्वे के मुताबिक दो हजार बीघा भूमि पर भांग की फसल लहलहा रही है। यह भांग या तो कुछ लोगों ने खुद तैयार की है या फिर प्राकृतिक रूप से उगी है। लेकिन अधिकतर भांग के पौधे हाईब्रीड के बताए जा रहे हैं। पुलिस महकमा जल्द ही भांग के पौधों को नष्ट करने के लिए मुहिम छेड़ने जा रहा है। इसमें मलाणा क्षेत्र पुलिस महकमे के टारगेट पर है।
पुलिस ने दो माह पूर्व केमिकल डोज से करीब 200 बीघा भूमि से भांग की खेती नष्ट की थी। अब भांग की पौध बड़ी होने पर पुलिस इसे काट कर ही नष्ट करेगी। एसपी ने जिला के सभी थानों तथा चौकियों को इस बाबत आदेश दे दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है वह अपने स्तर पर खेतों में लगाई भांग को नष्ट कर दें अन्यथा पुलिस के पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए वन तथा राजस्व विभाग की भी जवाबदेही तय होगी। अभियान के लिए महिला पुलिस बल को भी बुलाया है। अभियान दशहरा उत्सव तक जारी रहेगा।
एसपी डा. विनोद धवल के अनुसार जिला में बीते सालों के मुकाबले भांग की खेती में कमी आई है। विभाग की सेटेलाइट तस्वीरों में भी यह बात सामने आई है। लेकिन पुलिस इसे पूरी तरह से खत्म करने की तैयारी में है। चित्रों में मुताबिक चरस माफिया ने मलाणा सहित जिला के कई दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में सैकड़ों बीघा भूमि पर हाईब्रीड की भांग उगा रखी है। अनुमान है कि जिले में करीब दो हजार बीघा पर प्राकृतिक या फिर खुद उगाई गई भांग है।

अगले माह शुरू होगी कार्रवाई
भांग के समूल नाश के लिए पुलिस फिर से भांग उखाड़ो अभियान शुरू करने जा रही है। भांग की खेती को नष्ट करने के लिए प्लान तैयार कर लिया है। अगस्त माह में पूरे जिले में भांग खेती को नष्ट करने की मुहिम शुरू की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है।
विनोद कुमार धवल एसपी कुल्लू

Related posts