गिरफ्तारी के लिए विभागाध्यक्ष को तलाश रही पुलिस

द्वाराहाट। द्वाराहाट पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य और इलेक्ट्रानिक्स विभागाध्यक्ष के बीच गत दिनों हुए विवाद में पुलिस को विभागाध्यक्ष नरेश सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं। पुलिस नरेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
गत 25 जुलाई को पॉलीटेक्निक द्वाराहाट के प्रधानाचार्य रमेश चंद्रा और इलेक्ट्रानिक विभागाध्यक्ष नरेश सिंह के बीच विवाद हो गया था। प्रधानाचार्य ने इलेक्ट्रानिक्स विभागाध्यक्ष नरेश सिंह पर कार्यालय में आकर उनके साथ मारपीट और गाली गलौच करने के साथ ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर परेशान करने का आरोप लगाया है। प्रधानाचार्य की रिपोर्ट पर पुलिस ने नरेश सिंह के खिलाफ धारा 323, 324, 504 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं नरेश सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रधानाचार्य के खिलाफ 342, 323, 506 में मुकदमा दर्ज किया है।
द्वाराहाट के थानाध्यक्ष एजाज अहमद खान ने बताया कि विवेचना में प्रधानाचार्य के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। मेडिकल रिपोर्ट में प्रधानाचार्य के दाहिने हाथ में धारदार हथियार से चोट के निशान हैं और उनके हाथ में दो टांके लगे हैं। उन्होंने बताया कि जांच में विभागाध्यक्ष नरेश सिंह के खिलाफ पुलिस को पर्याप्त सबूत मिल चुके हैं। संस्थान के स्टाफ ने भी नरेश सिंह के खिलाफ बयान दिए हैं। प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद से नरेश सिंह फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Related posts