
सुजानपुर (हमीरपुर)। शहर में मिनी सचिवालय और नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाने की कवायद पूरी होती नजर नहीं आ रही है। हालांकि होली उत्सव पर मुख्यमंत्री ने सुजानपुर में जल्द ही मिनी सचिवालय बनाने की घोषणा की थी। अभी तक प्रशासन की ओर से मिनी सचिवालय के लिए भूमि के चयन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाने का मामला भी कागजों तक ही सिमटा हुआ है।
बताया जा रहा है कि नपं का दर्जा बढ़ाकर नप का किया गया है। इसके लिए बाकायदा अधिसूचना भी जारी हुई है लेकिन धरातल पर कुछ स्पष्ट नहीं है। अभी तक नपं का दर्जा नहीं बढ़ाया गया है। होली उत्सव के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सुजानपुर में मिनी सचिवालय की घोषणा की थी लेकिन अभी तक लोगों में भूमि को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि जिलाधीश हमीरपुर ने मिनी सचिवालय के लिए डोली गांव, प्राइमरी स्कूल सुजानपुर और ब्लाक खंड की भूमि का निरीक्षण किया है। लोगों ने ब्लॉक खंड की भूमि पर मिनी सचिवालय के निर्माण की मांग उठाई थी। स्थानीय लोगों की मांग है कि दोनों घोषणाओं को जल्द से जल्द सिरे चढ़ाया जाए।
नपं अध्यक्ष मनोज ठाकुर का कहना है कि दोनों घोषणाओं को पूरा करवाने के लिए प्रयास चल रहे हैं।
