दूरभाष केंद्र में खराबी से हजारों मुश्किल में

सरकाघाट (मंडी)। सज्जाओपिपलू दूरभाष केंद्र में बार-बार आ रही खराबी से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। पिछले एक माह से लगभग 500 टेलीफोन ठप पड़े हैं, लेकिन निगम अभी तक इस खराबी को दूर नहीं कर सका है। उपभोक्ताओं में उमेश कुमार, शिवराम, सुखदेव शर्मा, बृजलाल, हरी राम, टेक चंद, कांशी राम, डा. चेत राम, भूपेंद्र सिंह, कांता देवी, लता देवी, बोहरी देवी, नानक चंद, ओम चंद आदि का कहना है कि जब भी टेलीफोन सेट से नंबर डायल करते हैं तो लाइन के व्यस्त होने की टोन आती है। इनका कहना है कि उनके बच्चे एवं परिजन दूरदराज के स्थानों पर शिक्षा ग्रहण और नौकरी कर रहे हैं। दूरभाष केंद्र की खराबी के चलते उन्हें अपनों से संपर्क साधने में कठिनाई आ रही है। दूरभाष केंद्र में दो लाइनमैन नियुक्त हैं। मगर क्षेत्र का दायरा बड़ा होने के कारण उन्हें बाहर ही रहना पड़ता है। उपभोक्ताआें का कहना है कि दूरभाष केंद्र में शिकायत दर्ज करने के लिए भी कोई कर्मचारी नहीं मिलता। उपभोक्ताओं ने निगम से दूरभाष केंद्र में आई खराबी को तत्काल दूर करने की मांग की है। वहीं, केंद्र में एक मैकेनिक, जेटीओ सहित अन्य स्टाफ की तैनाती का भी आग्रह किया है। इधर, निगम के जिला महाप्रबंधक हरीश शर्मा ने दो दिन में सज्जाओपिपलू दूरभाष केंद्र में आई खराबी को ठीक करने का आश्वासन दिया है।

Related posts