मुख्यमंत्री से मिलेगा कर्मचारी महासंघ : हेम सिंह

सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष हेम सिंह ठाकुर और महासचिव एसएस जोगटा ने कहा कि जब से प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार बनी है, कर्मचारी हित में कई फैसले लिए गए हैं। जिससे कर्मचारियों में भी सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। महासंघ ने प्रदेश के 11 जिलों में नई कार्यकारिणियों का गठन कर लिया है। सोलन जिले के ही चुनाव होने बाकी है। जिसे करवाने के लिए प्रक्रिया शीघ्र आरंभ करवाई जा रही है। कर्मचारियों की समस्याओं के निवारण के लिए शीघ्र ही महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से शिमला में मिलेगा। जहां पर उनसे संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग की जाएगी। मंडी जिला महामंत्री सुरेश शर्मा और प्रेस सचिव ललित शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश के कर्मचारी प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एकजुट है। इस मौके पर जिला मंडी उपाध्यक्ष संजय गारला, उमेश कुमार, मुख्य सलाहकार प्रताप ठाकुर, संगठन सचिव संजीव चौधरी आदि उपस्थित रहे।

Related posts