
बैजनाथ/पंचरुखी (कांगड़ा)। उपमंडल के अंतर्गत रजोट गांव में चल रहे शादी समारोहों से लौट रहे दो परिवारों में हुई मारपीट में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रजोट निवासी सुरेश कुमार की शिकायत पर गिरफ्तार किए गए तीनोें लोगों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने तीन लोगों चैन सिंह, राकेश कुमार और चमेल सिंह को 30 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेजने के आदेश दिए हैं। जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है। मामले में हिरासत में लिए गए लोग जालग के रहने वाले हैं और वर्तमान में रजोट में ही स्थायी तौर पर रह रहे हैं।
पुलिस के अनुसार शनिवार को रजोट गांव में अलग-अलग स्थान पर चल रहे दो शादी समारोहों से लौट रहे दोनोें परिवारों में गाड़ी को सड़क से हटाने पर मारपीट हो गई। दरअसल, एक परिवार की गाड़ी सड़क पर पार्क की हुई थी और दूसरे परिवार के लोग जब वहां से गुजरे तो उन्होेंने गाड़ी को सड़क से हटाने को कहा। इसी के चलते दोनोें परिवारों में मारपीट हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चैन सिंह, राकेश कुमार, चमेल सिंह आदि ने उनसे मारपीट करके गाड़ी में सवार बिंदु, अंजु, अनु शर्मा और इंदु व सुरेश से मारपीट की। मारपीट में सुरेश कुमार व एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। शनिवार रात को ही घायलों को उपमंडलीय चिकित्सालय में भर्ती किया गया था।
थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में चैन सिंह, राकेश और चमेल सिंह को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने तीनोें को 30 जुलाई तक रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।
