देहरा में नाबालिग के साथ दुराचार

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। थाना देहरा के अंतर्गत एक नाबालिग लड़की से दुराचार करने और मोबाइल फोन में वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने लड़की की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल धर्मशाला अस्पताल में करवाया, जहां उसके साथ दुराचार की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय पीड़ित लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है कि 23 जुलाई शाम करीब साढ़े चार बजे वह जंगल में पशु चराने गई थी। इसी दौरान वीरेंद्र (23) और रिंकू (27) वहां पहुंच गए। वीरेंद्र ने उसका हाथ पकड़ा और उसके साथ दुराचार किया। युवती ने बयान दर्ज करवाया है कि दूसरे युवक रिंकू ने धमकी देते हुए कहा कि उसने अपने मोबाइल में वीडियो बना ली है, जिसे वह लोगों को दिखा देगा। सहमी युवती ने घटना की जानकारी परिवारवालों को नहीं दी। 27 जुलाई को उसने अपनी ताई को आपबीती बताई। उसके बाद युवती की ताई ने सारी जानकारी पीड़िता के माता-पिता को दी। 27 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे युवती के परिजनों ने थाना देहरा में शिकायत दर्ज करवाई। वहीं सिविल अस्पताल देहरा में रात को महिला डाक्टर के न होने के कारण पीड़ित युवती का मेडिकल धर्मशाला कराया गया, जहां युवती के साथ दुराचार की पुष्टि हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह ही दोनों आरोपी युवकों को उनके घर से पकड़ लिया।
डीएसपी बीडी भाटिया व थाना प्रभारी देहरा धर्मपाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts