शांशा में बोलेरो लुढ़की, तीन युवक गंभीर

कोकसर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के शांशा के पास एक बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में सवार तीनों युवक घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल केलांग लाया गया। घायल तीनों युवकों की पहचान मंडी शहर के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस लापरवाही और तेजरफ्तारी का मामला दर्ज कर हादसे का कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह साढ़े आठ बजे हुआ। जब बोलेरो गाड़ी मंडी से उदयपुर की ओर जा रहा था। मनाली-उदयपुर के बीच आने वाले शांशा इलाके के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। करीब 100 मीटर गहरे नाले में गाड़ी गिरने से इसमें सवार 22 साल के गिरधारी लाल, 35 साल के चालक धारी लाल तथा 21 साल के मनोज कुमार निवासी मंडी घायल हुए हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से केलांग अस्पताल पहुंचाया। यहां पर तीनों को प्राथमिक उपचार करने के बाद कुल्लू अस्पताल रेफर किया गया। एसपी लाहौल-स्पीति सुनील कुमार ने कहा कि हादसा किन कारणों से हुआ, छानबीन की जा रही है।

Related posts