मांगों को लेकर तल्ख डाक कर्मी

ऊना। अखिल भारतीय अतिरिक्त विभागीय डाक कर्मचारी संघ ने ग्रामीण डाक सेवकों पर खाते खोलने व ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना के टारगेट को पूरा करने के लिए डाले जा रहे दबाव को लेकर गहरा रोष जताया है। संघ का कहना है कि ग्रामीण डाक सेवकों ने विभाग को आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दिया है, लेकिन विभाग उन्हीं की समस्याओं को हल करने में उदासीन है। इसी संदर्भ में संघ के ऊना मंडल की बैठक रविवार को विनोद कुमार की अध्यक्षता में हुई। उन्हाेंने बताया कि लाखों रुपये के डाक जीवन बीमा के इंसेंटिव बिल दो साल से लंबित पडे़ हैं। ग्रामीण डाक सेवकों का भत्ता बढ़ाया नहीं जा सका है। वर्तमान समय में विभाग में ग्रुप डी एवं पोस्टमैन की सीधी भर्ती के बजाय यह भर्ती ग्रामीण डाक सेवकों से करने के लिए केंद्रीय प्रशासनिक प्राधिकरण चंडीगढ़ में केस दायर करने पर भी रणनीति बना रहा है। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि अखिल भारतीय अतिरिक्त विभागीय डाक कर्मचारी संघ ऊना मंडल अपनी मांगाें को लेकर विभाग को ज्ञापन सौंपेगा। यदि 15 दिन के भीतर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो 18 अगस्त को जिले के तमाम ग्रामीण डाक सेवक अपनी मांगें मनवाने के लिए धरना प्रदर्शन करेंगे। परिमंडलीय सचिव दाताराम चंदेल ने बताया कि इस संदर्भ में संघ की ओर से केस दायर किया जाएगा।

Related posts