
मंडी। ग्राम पंचायत भाटकीधार की हरिजन बस्ती खहली रुभड़ी तथा आसपास के करीब बीस गांवों के बाशिंदे सड़क सुविधा न होने से दिक्कतों से जूझ रहे हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से सड़क सुविधा की गुहार लगाई है। साथ ही हरिजन बस्ती में सामुदायिक भवन बनाने की भी मांग उठाई है। नजदीक सड़क सुविधा न होने से 20 गांवाें की आबादी को हर रोज दो घंटे का पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। अकेले हरिजन बस्ती में ही करीब 100 परिवार हैं। यहां से सड़क काफी दूर पड़ती है। इससे छोटे बच्चों, बुजुर्ग तथा रोगियों के लिए अधिक मुश्किल रहती है। लोगों ने खुहणाधार, बदलहण और जुड़ास से खहली रुभड़ी तक सड़क निकालने की गुहार लगाई है। ग्रामीण प्रशोत्तम राम ने बताया कि गत रोज मांगाें को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिले हैं। मुख्यमंत्री ने लोगाें की समस्याओं को देखते हुए मांगों पर जल्द गौर करने की बात कही है। यदि मांग पूरी नहीं हुई तो जनता सड़क पर उतर कर आंदोलनरत हो जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से रुभड़ी तक बस योग्य सड़क सुविधा की मांग की है। वहीं, सामुदायिक भवन बनाने के लिए 5 लाख की राशि शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया है।
