महिला पुलिस कर्मी के साथ बदतमीजी

भराड़ी (बिलासपुर)। बिलासपुर के दधोल कस्बे में वीरवार रात्रि कथित तौर पर शराब में धुत एक व्यक्ति को महिला पुलिस कर्मी ने घर जाने की सलाह दी तो वह उसी पर बरस पड़ा। न केवल महिला के साथ हाथापाई की बल्कि उसके साथ बदतमीजी भी की। महिला पुलिस कर्मी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
भराड़ी थाना के तहत दधोल चौक पर वीरवार रात एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर गालीगलौज कर रहा था। नशे में बेकाबू व्यक्ति को महिला कांस्टेबल ने घर भेजने की कोशिश की लेकिन नशे में चूर उक्त शराबी महिला कांस्टेबल से हाथापाई पर उतारू हो गया। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ यहां के जन प्रतिनिधियों द्वारा बीच बचाव करने पर मामला शांत हुआ। लोगों का कहना है कि यदि शराबी इस तरह पुलिस कर्मियों से ही उलझ रहे हैं तो आम जनता का क्या होगा। दधोल चौक पर अकसर इस तरह के शराबी हुड़दंग मचाते रहते हैं। बावजूद इसके पुलिस कदम नहीं उठा रही। अब जब महिला पुलिस कर्मी के साथ हाथापाई की गई तो पुलिस कार्रवाई का अनुमान लगाया जा सकता है। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त को बढ़ाने की मांग की है। उधर, इस बारे में डीएसपी घुमारवीं अंजनी जस्वाल ने कहा कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने व ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ भादंसं की धारा 353 और 186 तहम कार्रवाई की गई है।

Related posts