पलचान-रोहतांग रोपवे का विरोध

मनाली। नगर ब्लाक की पंचायतों के प्रतिनिधियों का कहना है कि पलचान-रोहतांग रोपवे उन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। नग्गर खंड के बीडीसी सदस्यों, पंचायत प्रधानों और प्रतिनिधियों का कहना है कि वे घाटी में प्रदेश सरकार द्वारा लगाए जाने वाले रोपवे का स्वागत करते हैं लेकिन साथ ही अनछुए पर्यटन स्थलों को रोपवे से जोड़ने की मांग भी करते हैं।
नगर ब्लाक बीडीसी अध्यक्ष लाल चंद ठाकुर, प्रधान संघ नगर खंड के अध्यक्ष जोगराज राणा, प्रधान पलचान सिंघी राम, बुरुआ की प्रधान पुष्पा देवी, शनगा की प्रधान वेद राम ठाकुर, मनाली गांव के प्रधान हुकम राम, नसोगी के प्रधान शिव राम ठाकुर, शलीण के प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर, वशिष्ठ के प्रधान गोवर्धन ठाकुर, प्रीणी के प्रधान ठाकुर दास सहित समस्त पंचायत प्रधानों व पंचायत समिति सदस्यों ने पलचान-रोहतांग रोपवे का विरोध जताया है। इन पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि मनाली में अनेकों पर्यटन स्थल हैं जो अपने आप में प्राकृतिक सुंदरता को समेटे हुए हैं। वे सरकार द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों व योजनाओं का स्वागत करते हैं लेकिन रोहतांग को रोपवे से जोड़ने पर हजारों परिवारों की रोटी प्रभावित हो जाएगी। पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे से हजारों लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। रोहतांग दर्रा ही इस घाटी का पालनहार है। ऐसे में अगर इसे भी रोपवे से जोड़ दिया जाता है तो हजारों परिवारों की रोजी-रोटी छिन जाएगी। प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि पलचान-रोहतांग रोपवे को दूसरे पर्यटन स्थलों पर स्थापित किया जाए ताकि स्थानीय लोगों का रोजगार प्रभावित न हो।

Related posts