
रिकांगपिओ (किन्नौर)। विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने कहा कि जिले में सेब को सड़ने नहीं दिया जाएगा। जिले के रारंग, लिप्पा, जंगी और आसरंग के दौरे पर निकले विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि सीजन शुरू होने से पहले अवरुद्ध सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा।
उन्होंने आईपीएच विभाग को प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हुई कूहल और पेयजल योजनाओं की जल्द बहाली के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग क्षतिग्रस्त मकानों को हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। आकलन रिपोर्ट के आधार पर प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि मुआवजा आवंटन में पारदर्शिता लाएं। कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पात्र लोगों को उनका हक हर हाल में मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में सेब की पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध हैं। चांगो, शलखर, सुमरा आदि गांवों के लिए वाया कुंजम होकर आवश्यक सामान भेज दिया गया है। विधायक के साथ दौरे में जिला परिषद सदस्य राम सिंह नेगी, प्रिया नेगी, कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. सूर्या बोरस, प्रधान रारंग राजेंद्र नेगी, पूर्व प्रधान रिगंचेन, पूह पंचायत समिति अध्यक्ष आशा नेगी समेत कई अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
