रामपुर कॉलेज में एसएफआई का प्रदर्शन

रामपुर बुशहर। स्थानीय पीजी कॉलेज में एसएफआई कार्यकर्ताओं ने जमकर हल्ला बोला। संजौली कॉलेज में आम छात्रों समेत एसएफआई कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान एसएफआई ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।
कॉलेज परिसर अध्यक्ष प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर विरोध प्रदर्शन किया और शुक्रवार को संजौली कॉलेज में छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने की कड़ी निंदा की। परिसर अध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि लाठीचार्ज में कई छात्र जख्मी हुए हैं। इसलिए पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में प्रदर्शन तेज कर दिया जाएगा। एसएफआई शिक्षा के निजीकरण और छात्रों के जनवादी अधिकारों पर हमले को कभी सहन नहीं करेगी। इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में निशा, अर्वन राठौर, कॉलेज इकाई सचिव श्याम सिंह, दिनेश, बंटी, आशीष, पूजा, रवीना, अनिल, चांदनी, मीनू, जगदीश, उपेंद्र, सुरेश, शांति, हितेश, सतपाल समेत कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related posts