
हरिद्वार। बृहस्पतिवार की देर रात राजस्व विभाग की टीम ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान के तहत बाण गंगा क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान एक डंपर को सीज कर लिया गया। छापे की भनक लगते ही खनन कर रहे अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
बाणगंगा में फेरूपुर, बिशनपुर कुंडी, पुरानी कुंडी, चांदपुर, रानीमाजरा, शाहपुर आदि क्षेत्रों में अवैध खनन होता है। ये क्षेत्र हरिद्वार तहसील के अधीन हैं लेकिन क्षेत्र की पुलिस चौकियों के अलग-अलग थानाें के अधीन होने से राजस्व विभाग की टीम को पुलिस से सहयोग नहीं मिल पाता। क्षेत्र की भिक्कमपुर चौकी थाना लक्सर के अधीन है जबकि, फेरूपुर चौकी थाना पथरी के अधीन है। ऐसे में जब तक पुलिस छापे मारने वाली जगह तक पहुंचती है, तब तक खनन माफिया भागने में कामयाब हो जाता है। बृहस्पतिवार को भी राजस्व विभाग की ओर से देर रात छापे मारे गए, लेकिन अवैध खनन में जुटे लोग हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस क्षेत्राधिकारी चंद्रमोहन सिंह नेगी का कहना है कि क्षेत्र में खनन होने की सूचना पर पुलिस की ओर से तुरंत कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। छापों का नेतृत् व तहसीलदार शाहिद हुसैन ने किया।
