बदनीयती से महिला को दबोचा, हंगामा

हल्द्वानी। शहर के एक होटल में नशे में धुत वेटर और सफाई कर्मी ने बृहस्पतिवार रात बदनीयती से दरवाजा खुलवाकर एक महिला को दबोच लिया, लेकिन महिला ने चुंगल से छूटकर शोर मचा दिया। इससे होटल में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने आरोपी वेटर और सफाई कर्मी को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल की। एडवांस दिया किराया महिला को दिलवाकर पुलिस ने होटल के वेटर, सफाई कर्मी और होटल मैनेजर के खिलाफ शांतिभंग और फौजदारी की धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार बागेश्वर का एक ट्रक चालक बृहस्पतिवार रात एक महिला को अपनी पत्नी बताकर रेलवे मार्ग स्थित एक होटल में चार सौ रुपये में रूम लेकर ठहरा। किसी प्रकार वेटर, सफाई कर्मी को यह मालूम हो गया कि महिला चालक की कथित पत्नी है, इनके साथ बच्चा भी है। आरोप है कि देर रात नशे में धुत वेटर और सफाई कर्मियों ने महिला को दबोच लिया। एसएसआई इंद्र सिंह राणा ने बताया कि महिला ने चालक के संग कोतवाली आकर चार सौ रुपये लेकर कमरा न देने की शिकायत की थी। नशे में धुत होकर हंगामा करने के आरोप में राजीव जोशी निवासी चंपावत, मुन्ना लाल निवासी हल्द्वानी और मैनेजर कुंदन सिंह निवासी चंपावत के खिलाफ कार्रवाई की गई है। राजीव और मुन्ना को गिरफ्तार कर शुक्रवार सुबह एसडीएम के यहां पेश किया गया।

Related posts