जनपद के 84 गांवों में पसरा है अंधेरा

गोपेश्वर। दैवी आपदा के डेढ़ माह बाद भी जनपद के 84 आपदा प्रभावित गांवों में विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है, जिससे लोग अंधेरे में रात गुजार रहे हैं।
जनपद के देवाल, थराली, कर्णप्रयाग और जोशीमठ के 20 आपदा ग्रस्त गांवों में आपदा के डेढ़ माह बाद भी विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। बीती 24 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश से घाट विकास खंड को जाने वाली 33 केवी की विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे यहां 64 गांवों में अंधेरा पसरा है।
देवाल क्षेत्र के सत्येंद्र सिंह, महावीर सिंह का कहना है कि बिजली नहीं होने से आबादी क्षेत्र में गुलदार ओर भालू आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को आपदा और जंगली जानवरों का डर सता रहा है। इधर, ऊर्जा निगम के ईई वीरेंद्र पंवार का कहना है कि सड़कों के अवरुद्ध होने से गांवों में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की जा पा रही है। देवाल और थराली ब्लॉकों के लिए कुमाऊं क्षेत्र की ओर से विद्युत लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। मौसम ने साथ दिया तो 31 जुलाई तक सभी गांवों में विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

Related posts