
चंपावत। नगरपालिका परिषद की बैठक में तय किया गया कि 13 वें वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि से 100 कूड़ा गाड़ी खरीदे जाएंगे। परिवार रजिस्टर में लोगों का नाम दर्ज कराने के लिए अब सभासद की आख्या आवश्यक होगी। नगर की सफाई व्यवस्था, रास्तों, सड़कों की दशा सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नजूल भूमि के मामले का निस्तारण होगा और पालिका इस जमीन का सार्वजनिक हित में उपयोग करेगी।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि खेतीखान रोड, जीआईसी रोड, पूल्ड आवास रोड पर बंद पड़ी नालियों को तत्काल खोला जाएगा। जहां पर मरम्मत की दरकार होगी वहां पर काम किया जाएगा। खेतीखान रोड पर अवैध रूप से बने सूअर बाड़े का हटाने पर सहमति बनी। जूप वार्ड में पानी के संकट पर सदस्यों ने रोष जताया। कहा कि छीड़ापानी स्रोत से पानी न आने के कारण यह समस्या पैदा हुई है। पानी की सप्लाई के बगैर पानी का बिल भेजने पर रोष जताया गया। जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी ने राशन की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
पालिकाध्यक्ष तिवारी ने कहा कि नगर की सुविधाओं का विस्तार करने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। हर काम सभासदों की सहमति से ही होगा। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी वाईएस रावत ने किया। बैठक में सभासद शकुंतला गोस्वामी, गिरीश पांडेय, दीपक तड़ागी, नरेश जोशी, प्रकाश नाथ, कलावती देवी, अनीता प्रहरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
