
चंपावत। गौरादेवी कन्याधन योजना की जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में अब तक प्राप्त 72 आवेदनों को मंजूरी प्रदान की गई। जिला कार्यालय सभागार में डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी पीसी जोशी ने गौरादेवी कन्याधन योजना के संबंध में जानकारी दी। बताया कि 12वीं में उत्तीर्ण गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली बालिका को सरकार की ओर से 25 हजार रूपये की धनराशि राष्ट्रीय बचत पत्र के रूप में दी जाती है।
समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार इस वित्तीय वर्ष में जिले में 446 बालिकाओं को योजना के तहत लाभाविंत किया जाना है। जिसके लिए विभाग को धनराशि प्राप्त हो गई है। डीएम ने कहा कि लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ दिए जाने के लिए सभी इंटर कालेज के प्रधानाचार्यो सहित खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र भेजा जाए। उन्होंने कहा कि पात्र बालिकाओं के आवेदन भरकर समय पर प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार प्रसार के निर्देश भी दिए। बैठक में सीडीओ जेेके तिवारी, मुख्य शिक्षाधिकारी डीसी गौड़, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलजा प्रजापति सहित तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
