
रुद्रपुर/पंतनगर। रुद्रपुर से टाटा फैक्ट्री जा रहे बाइक सवार ट्रांसपोर्टर को नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाकर तमंचे के बल पर लूट लिया। किसी तरह बंधन मुक्त होकर ट्रांसपोर्टर ने हल्दी स्थित पंतनगर थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली।
मूलरूप से बागपत निवासी वीरेंद्र शर्मा पुत्र कृष्ण कुमार शर्मा रुद्रपुर के अटरिया क्षेत्र में किराए में रहता है। बीती देर रात वह बाइक संख्या एचआर26डीए0415 से किसी काम से अपने मित्र से मिलने टाटा फैक्ट्री जा रहा था। इसी बीच पंतनगर मार्ग पर अमरूद के बाग के पास टाटा के गेट नंबर तीन पर तमंचों से लैस तीन नकाबपोश बदमाशों ने सड़क पर तार डालकर उसे गिरा दिया। इस दौरान बदमाश ट्रांसपोर्टर को अमरूद के बाग में ले गए। बाग में उन्होंने उससे मोबाइल और 15 हजार रुपये की नगदी छीन ली। बाद में बदमाशों ने उसके हाथ पैर बांध कर उसकी बाइक लूट फरार हो गए। सुबह ट्रांसपोर्टर ने खुद को किसी तरह बंधन मुक्त किया और हल्दी थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने धारा 394 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी उप निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ को टीम गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
