बाजार में राशन खत्म, राहत को पात्र नहीं

भटवाड़ी(उत्तरकाशी)। बाजार में राशन नहीं मिलने और आपदा में रोजगार खत्म हो जाने से भटवाड़ी क्षेत्र के मजदूर परिवार सहित उत्तरकाशी की ओर पलायन करने लगे हैं। ऐसे में मजदूर नहीं मिलने से क्षेत्र में कृषि और बागवानी के अलावा निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। राशन के अभाव में अध्यापकों के भी स्कूलों में ज्यादा दिनों तक टिके रहने की स्थिति नहीं लग रही है। यही स्थिति अन्य सरकारी विभागों की भी है।
गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण अपर भागीरथी के मुख्य बाजार भटवाड़ी सहित अन्य छोटे बाजारों में राशन आदि जरूरी सामान नहीं मिल पा रहा है। इस क्षेत्र में खेती के साथ ही होटल, ढाबे, दुकान तथा निर्माण कार्यों में नेपाल, बिहार के निवासियों के अलावा स्थानीय मजदूर भी लगे रहते हैं। अब स्थिति यह है कि बाजार में राशन नहीं मिल पा रहा है और सरकारी कोटे के राशन तथा राहत के लिए पात्र नहीं माना जा रहा है। ऐसे में ये मजदूर पलायन के लिए मजबूर हैं।
दूसरी ओर भटवाड़ी और दूरदराज के गांवों में तैनात अध्यापकों को पैसे होते हुए भी राशन जुटाना मुश्किल हो गया है। स्कूल में मिड डे मील का राशन तथा गैस, मिट्टी तेल नहीं पहुंचने से स्कूल का सरकारी चूल्हा भी नहीं जल पा रहा है। अध्यापकों के लिए राशन की व्यवस्थाओं को लेकर विभाग तथा प्रशासन के अधिकारी मुंह खोलने को तैयार नहीं।

Related posts