
नई दिल्ली। एक अगस्त से दक्षिणी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र की पार्किंग में वाहन खड़े करने पर एक रुपये ज्यादा देने पड़ेंगे। निगम ने सर्विस टैक्स वसूलने के लिए ठेकेदारों को आदेश दे दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय सभी निकायों को पार्किंग से सर्विस टैक्स वसूलने के लिए मार्च में अधिसूचना जारी कर चुका है। इसके तहत दक्षिणी दिल्ली नगर निगम सर्विस टैक्स की वसूली करने वाला पहला स्थानीय निकाय होगा। मंत्रालय ने पार्किंग फीस का 12 फीसदी से अधिक सर्विस टैक्स वसूलने की अधिसूचना जारी की है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त मनीष गुप्ता ने बताया कि ठेकेदार एक अगस्त से सर्विस टैक्स लेना शुरू कर देंगे। वहीं, मेयर सरिता चौधरी ने इस फैसले की कड़ी निंदा की है।
