
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद बद्दी के आधा दर्जन पार्षदों ने परिषद की बैठक को लेकर अध्यक्ष पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। पार्षदों का कहना है कि अगर अध्यक्ष के पास समय नहीं है तो उपाध्यक्ष की उपस्थित में भी बैठक संभव है। बार-बार बैठके ं स्थगित करके पार्षदों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। साथ ही जनता के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
पार्षद तेजा राम, उर्मिला, बीना कौशल, वार्ड नंबर चार की पार्षद सुनीता देवी और सुनिता चौधरी के अनुसार शुक्रवार को बैठक की तिथि निर्धारित की गई। जिस निर्धारित तिथि पर पार्षद बैठक में पहुंचे लेकिन उन्हें ऐन वक्त पर वन महोत्सव के चलते स्थगित किया गया है। उसके बाद शनिवार को बैठक रखी गई, लेकिन सांय पांच बजे दोबारा बैठक स्थगित करने की सूचना दी गई। अब 31 जुलाई को बैठक की सूचना दी गई है। लेकिन इस पर कोई पता नहीं है कि बैठक निर्धारित तिथि पर होगी या नहीं। वहीं इस संबंध में नगर परिषद के अध्यक्ष चौधरी मदन लाल ने बताया कि शुक्रवार को वन महोत्सव के चलते स्थगित किया गया है। नगर परिषद क्षेत्र में वन महोत्सव होने से उन्हें वहां कार्यक्रम में जाना पड़ा। शनिवार को बीबीएनडीए की शिमला में होने वाली बैठक है इसीलिए 31 जुलाई को बैठक रखी गई है।
