इंदिरा मार्केट की छत पर मार्केट सजाने पर हंगामा

मंडी। शहर की शान इंदिरा मार्केट के ऊपर गुजराती मार्केट सजाने पर खूब हंगामा हुआ। गुजराती मार्केट के कुछ लोग अनाधिकृत तरीके से इंदिरा मार्केट की छत पर सामान सजाकर बैठ गए। जिन्हें हटाने के लिए नप तथा प्रशासन को खूब मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद प्रशासन को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। ये लोग यहां से हटने को राजी न थे तथा पुलिस से भी उलझ गए। जिस पर बाद में पुलिस ने गुजराती मार्केट के छह कारोबारियाें के खिलाफ भादसं की धारा 107, 151 के तहत मामला दर्ज किया है।
गुजराती मार्केट कारोबारियों को शहर के जैंचू के नौण में बैठने तथा कारोबार सजाने की व्यवस्था की गई है। लेकिन, बार-बार ये लोग इंदिरा मार्केट की छत पर अनाधिकृत रूप से बैठ रहे हैं। नगर परिषद की ओर से इन कारोबारियाें को यहां न बैठने की हिदायत भी दी गई थी। मगर शुक्रवार को फिर गुजराती मार्केट के महिला तथा पुरुष कारोबारी यहां बैठ गए। जिन्हें हटाने के लिए पुलिस बल की मदद लेनी पड़ी। तहसीलदार सदर अजय पराशर के नेतृत्व में सहायक अभियंता नगर परिषद मंडी विनोद कुमार तथा पुलिस दल ने कारोबारियों को इंदिरा मार्केट की छत से हटाने का प्रयास किया। काफी देर तक न मानने पर नप ने उनका सामान जब्त कर लिया। इस पर गुजराती मार्केट के कारोबारी भड़क गए।
इधर, तहसीलदार सदर अजय पराशर ने सभी रेहड़ी-फड़ी वालों से आह्वान किया है कि निर्धारित एवं चिन्हित स्थानों पर ही नियमानुसार अपनी रेहड़ी-फड़ी लगाएं अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शहर में रेहड़ी-फड़ी यूनियनों तथा जनप्रतिनिधियों से विचार- विमर्श के बाद ही बैडिंग जोन बनाए गए हैं। गुजराती लोगों के लिए जैंचु के नौण में स्थान विकसित कर बैठने की जगह निर्धारित की गई है। जिस पर नप द्वारा करीब डेढ़ लाख की राशि व्यय की गई है। जैंचु के नौण में 25 लोगों के लिए बैठने के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। 5 लोग दोबारा इंदिरा मार्केट की छत पर अपना सामान लेकर बैठ गए थे। जिन्हें पुलिस की मदद से हटाया गया। इधर, सीटी पुलिस चौकी प्रभारी चेत सिंह भंगालिया ने बताया कि गुजराती मार्केट के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

Related posts