
तीसा (चंबा)। तीसा उपमंडल के डिपुओं में किसानों को खाद नहीं मिल रही है। इस कारण किसानों को मक्की का उत्पादन कम होने की चिंता सताने लगी है। किसान हर रोज डिपो के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही है।
जानकारी के मुताबिक तीसा में खाद की पर्याप्त सप्लाई न पहुंचने के कारण किसानों को खाद से वंचित रहना पड़ रहा है। मौजूदा समय में तीसा में 50 के करीब डिपो होल्डर हैं। हर साल खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से इन डिपो होल्डरों को पहले एक सीजन में प्रति डिपो होल्डर एक हजार के करीब बैग खाद उपलब्ध करवाई जाती थी, लेकिन इस बार मात्र 60 से 70 बैग डिपो में पहुंचे हैं। ऐसे में तीसा की 47 पंचायतों की 60 हजार आबादी के लिए खाद पूरी नहीं हो पा रही है। किसान राकेश कुमार, धीरज, कमल कुमार, रूप लाल, अशोक, हेम राज, होशियार सिंह, चूहडू राम, प्यार सिंह, दिनेश कुमार, लाल चंद, चतर सिंह, ध्यान चंद, दुनी चंद और राकेश ने बताया कि मक्की की फसल को खाद देने का समय निकल रहा है, लेकिन डिपो में खाद उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को जल्द खाद नहीं मिली तो फसल को नुकसान हो सकता है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि तीसा में जल्द खाद की सप्लाई भेजी जाए। इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंचार्ज प्रहलाद ने बताया कि खाद की सप्लाई न पहुंचने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि तीसा में खाद लेकर एक ही गाड़ी पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सप्लाई आ जाएगी, लोगों को खाद उपलब्ध करवा दी जाएगी।
