मनरेगा की मजदूरी को 80 किलोमीटर का सफर

सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की आधा दर्जन के करीब पंचायतों को बैंक सुविधा नहीं मिल पाई है। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत हिमगिरी, आयल, बणतर, चीह और पंजेई में आज तक बैंक की शाखा नहीं खुल पाई है। यहां पर बैंक शाखा न होने के कारण ग्रामीणों को बैंक संबंधित काम निपटाने या मनरेगा की मजदूरी के लिए 80 किलोमीटर दूर सलूणी जाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी नीलमा, खेलकू, ऊमा, सुनीति, खेलो, जमीत सिंह, प्यार सिंह, भानू प्रकाश, बिहारी लाल, हरि कृष्ण, भीलो राम, प्रभिया और हेम राज ने बताया कि क्षेत्र में बैंक शाखा न होने के कारण उन्हें मनरेगा का मानदेय प्राप्त करने के लिए सलूणी जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सलूणी आने-जाने का 100 रुपये किराया लगता है। कई बार बैंक में भीड़ होने के कारण उन्हें बैंक के चक्कर काटने पड़ते हैं। इससे महिलाओं को काफी परेशानी होती है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इन पंचायतों में एसबीआई की शाखा खोली जाए।

Related posts