पांच लाख से जगमगाया चामुंडा मंदिर

चंबा। जिला मुख्यालय का चामुंडा माता मंदिर हाई मास्ट लाइट से जगमगा उठा है। नगर परिषद ने शुक्रवार को पांच लाख 17 हजार रुपये की लागत से लगाई गई इन लाइटों का लोकार्पण किया। मंदिर में हाई मास्ट लाइट लगने से शहर के तीन मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट की भी आवश्यकता नहीं रही है। चामुंडा मंदिर में लगी इस हाई मास्क लाइट की रोशनी साथ लगते सपड़ी, सुराड़ा और जुलाहकड़ी मोहल्लों तक पड़ रही है। इससे यहां के वाशिंदों को भी काफी सहूलियत मिलेगी है। शुक्रवार को नगर परिषद की ओर से चामुंडा मंदिर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर में पूजा पाठ करने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने विधिवत रूप से हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण किया। इसके बाद उपस्थित लोगों को नगर परिषद की ओर से हलवा बांटा गया। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद ने लगभग पांच लाख 17 हजार रुपये की लागत से चामुंडा मंदिर में लगाई गई हाई मास्क लाइट का लोकार्पण कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह लाइट पर्यटन, सौंदर्य और सुरक्षा की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या, पार्षद रवि कुमार, महिंद्र हांडा, अमृता और अंजू मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि पहले मंदिर में लाइट न होने के कारण रात के समय अंधेरा पसरा रहता था। इस कारण श्रद्धालुओं को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। खासकर महिलाओं को इस रास्ते से अकेले आने जाने में दिक्कत होती थी। अब हाई मास्क लाइट लगने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।

Related posts