
चंबा। कृषि विभाग मिंजर मेले में फलों और सब्जियों की प्रदर्शनी लगाएगा। इसके माध्यम से किसानों-बागवानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को कृषि से संबंधित जानकारी के पंपलेट भी वितरित किए जाएंगे। कृषि विभाग के स्टाल में कोई भी किसान या बागवान खुद तैयार की गई फल और सब्जियां भी रख सकता है। इसके लिए कोई भी किसान फल-सब्जियां चौगान में लगे स्टाल में विभागीय अधिकारियों के पास दे सकता है। स्टाल मेें कई किस्म की फल और सब्जियां प्रदर्शित की जाएंगी। सबसे बढ़िया किस्म का फल और सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों को मिंजर मेले के अंतिम नकद पुरस्कार देकर नवाजा जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान 150 के करीब किसान बागवानों को पुरस्कार प्रदान करने की योजना है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों-बागवानों को कृषि विभाग की योजनाओं और आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में सबसे बेहतर किस्म के उत्पाद लाने वाले किसानों-बागबानों को पुरस्कार दिए जाएंगे। नकद पुरस्कारों की राशि मेले के अंतिम दिन ही निर्धारित की जाएगी।
