100 करोड़ से होगा नूरपुर का विकास

कंडवाल (कांगड़ा)। विधायक अजय महाजन ने कहा कि नूरपुर विस क्षेत्र में विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। महाजन ने ठेहड़-कुखेड़ तथा धनेटी गारला पंचायतों में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पांच खंडों में नूरपुर ब्लाक को चुना गया है। इसके तहत नूरपुर को आदर्श ब्लाक के तहत 100 करोड़ की धनराशि से गांवों में विकास की गंगा बहेगी।
विधायक ने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा के शासनकाल में विकास कार्य ठप रहा तथा विकास के नाम पर झूठी घोषणाएं कर जनता को गुमराह किया गया। विधायक ने कहा कि पिछले 6 माह में करोड़ाें की योजनाएं विस क्षेत्र के लिए स्वीकृत करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ सालों में नूरपुर विस क्षेत्र में पानी की समस्या दूर हो जाएगी। इस अवसर पर विधायक ने लोगों की समस्याओं को सुना तथा अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया। इस मौके पर उनके साथ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बलदेव पप्पी, युकां अध्यक्ष संदेश डडवाल, जिला पार्षद सदस्य अशोक शर्मा, ठेहड़ पंचायत प्रधान संतोष देवी, धनेटी पंचायत की प्रधान आशा रानी, पूर्व प्रधान कुलवीर, पूर्व वीडीसी सदस्य कुलदीप, आघार पंचायत का प्रधान कमल आदि लोग उपस्थित थे।

दहेज प्रताड़ना पर केस दर्ज
ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के तहत मंड क्षेत्र में विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता नीलम कुमारी निवासी खेपड़ा जिला होशियार (पंजाब) ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वर्ष 2007 में उसकी शादी अमर नाथ निवासी गांव मजवाह तहसील इंदौरा के साथ हुई थी। लेकिन उसके ससुराल वाले अकसर उसे दहेज की मांग को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। विवाहिता के बयान पर पुलिस ने उसके पति समेत देवर, देवरानी व सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

समिति की बैठक 28 को
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। श्री नंदिकेश्वर श्मशानघाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण समिति चामुंडा की त्रैमासिक बैठक 28 जुलाई को श्मशानघाट परिसर चामुंडा मंदिर में होगी। समिति अध्यक्ष केवल सोनी ने सभी सदस्यों को इस बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया है।

Related posts