
श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कालेज में आयोजित 26वीं इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) अंडर ग्रेजुएट क्विज-2013 में आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थी पल्लवी और नितिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राजकीय मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग की ओर से आयोजित 26वें आईएपी अंडर ग्रेजुएट क्विज-2013 का शुभारंभ प्राचार्य डा.वीएल जहागिरदार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने जोनल प्रतियोगिता तक पहुंचने के लिए प्रतिभागियों को आशीष दिया।
छह राउंड में बंटे क्विज-2013 में पहले राउंड में बेसिक साइंस, दूसरे राउंड में वृद्धि एवं विकास, तीसरे राउंड में पोषण, वैक्सीन, चौथे और पांचवें राउंड में सिस्टेमिक डिजीज तथा अंतिम छठे राउंड में अन्य विविध बीमारियों पर प्रतिभागियों से सवाल पूछे गए। सर्वाधिक अंक लेकर आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थी पल्लवी और नितिन प्रथम रहे। इससे पूर्व 19 जुलाई को सभी आठ प्रतिभागियों को लिखित परीक्षा के माध्यम से चयनित किया गया था। विजेता प्रतिभागी अगस्त माह में देहरादून में हो रहे इंटर कॉलिजिएट प्रतियोगिता में मेडिकल कालेज श्रीनगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर निर्णायक प्रो. एसएल सूद, डा. आनंद जैन, कार्यक्रम संयोजक डा. व्यास कुमार राठौर, क्विज मास्टर डा. संजीव, डा. अश्विन, डा. निहारिका तथा स्कोरर डा.अरविंद और डा.चित्रा ने विचार रखे।
