
पौड़ी। स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति और शैक्षिक गुणवत्ता जांचने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजकीय इंटर कालेज थलीसैण समेत कई स्कूलों में विद्यालय परिसर और कक्षा कक्ष गंदे मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधानाचार्य और शिक्षकों को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही कुछ विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर भी चिंता जताई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला ने राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कठूली और प्राथमिक विद्यालय कठूली में घटती छात्र संख्या पर चिंता जाई। उन्होंने शिक्षकों को स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। राजकीय इंटर कालेज थलीसैण में निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी और कक्ष भी काफी गंदे मिले। अभिलेखों का रखरखाव ठीक नहीं पाया गया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कपरौली में उपस्थिति पंजिका में शिक्षकों का अवकाश और शासकीय कार्य अंकन करने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं सीईओ ने बीरोंखाल ब्लाक के राजकीय इंटर कालेज केसुंदर और नैनीडांडा ब्लाक के राजकीय इंटर कालेज कोचियार में शिक्षकों और अभिभावकों की बैठक लेकर प्रधानाचार्य और शिक्षकों के बीच चल रहे विवाद का निस्तारण किया।
