
मुनस्यारी/मदकोट। पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने ट्राली के सहारे कई इलाकों का दौरा कर आपदा पीड़ितों के हाल जाने। कहा कि आपदा राहत के काम में कई जगह सरकार और प्रशासन की लापरवाही उजागर हो रही है। इस वजह से लोगों को वक्त पर मदद नहीं मिल पाई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आपदा पीड़ितों को रसद, स्वास्थ्य सुविधा से लेकर विस्थापन तक के सभी मामलों को पार्टी दमदार तरीके से आवाज उठाएगी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि बुर्फू सहित माइग्रेशन वाले ज्यादातर गोदामों में वक्त पर अनाज स्टोर नहीं करने का आपदा पीड़ितों को खामियाजा भुगतना पड़ा है। 470 कुंतल अनाज की क्षमता वाले इस गोदाम में इस वक्त मात्र 16 कुंतल खाद्यान्न है। जबकि 15 जून तक अगले 6 माह का खाद्यान्न यहां स्टोर करने का स्पष्ट शासनादेश है। भाजपा नेताओं ने कहा कि शासन स्तर से बरती गई लापरवाही से भी आपदा के बाद राहत के काम में परेशानी बढ़ी। दौरे में पूर्व सांसद बलराज पासी, भाजयुमो जिला महामंत्री महेश पाठक गोलू, कैलाश पंत, कमलेश वल्दिया, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजू देवलाल, ओम प्रकाश आदि साथ थे।
