
पिथौरागढ़। प्रशासन का आपदा ग्रस्त लोगों को निकालने का काम जारी है। बृहस्पतिवार को धारचूला के पांगला, गर्व्यांग, पांगू, दर, बूंदी, छिरकिला से 103 लोगों को सेना के हेलीकाप्टर से जरिए धारचूला लाया गया। धारचूला के एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना है कि रेस्क्यू अभियान अभी जारी रहेगा।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 2870 लोगों को हेलीकाप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किया गया है। 1938 क्विंटल राशन हेलीकाप्टर से प्रभावित क्षेत्रों में ड्राप किया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने बताया कि अब तक खाद्य सामग्री के सात हजार पैकेट बनाकर प्रभावित इलाकों को भेजा जा चुके हैं। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने बिजली विभाग को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर बिजली बहाल करने की दिशा में तेजी से काम करने के आदेश दिए हैं। लोनिवि को सड़क और पैदल रास्तों को खोलने में तेजी लाने को कहा है।
