चंपावत में बारिश, फिर जारी हुआ अलर्ट

चंपावत। जिले में बृहस्पतिवार को दोपहर बाद हुई बारिश से तापमान में गिरावट आ गई। सुबह कुछ देर के लिए चटख धूप खिली लेकिन दोपहर बाद बारिश होने लगी। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। जिला मुख्यालय में पिछले 24 घंटे में बारिश की रफ्तार अपेक्षाकृत कम रही। इस अवधि में मात्र एक मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में हल्की और मध्यम स्तर की वर्षा की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि अभी मानसून की बारिश जारी रहेगी। खासकर पर्वतीय इलाकों में रुक रुककर बारिश का क्रम जारी रहेगा। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने सभी उपजिलाधिकारियों से संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने को कहा है। नियंत्रण कक्षों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने भी सभी इलाकों से सूचनाएं एकत्र करना शुरू कर दिया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडे ने कहा कि मुख्य ध्यान सड़कों पर दिया जा रहा है। इस बीच जिले के सभी मुख्य मार्ग सामान्य रूप से खुले हुए हैं।

Related posts