
दन्यां। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग में ओखलगाड़ा के निकट पिथौरारागढ़ जा रही एक होंडा सिटी कार सड़क से 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक महिला और एक बच्चा बाल-बाल बच गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकाल लिया। उन्हें पिथौरागढ़ अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ में व्यवसाय करने वाले कैलाश कश्यप अपने परिजनों और दोस्तों के साथ बरेली से होंडा सिटी कार संख्या यूपी 16-जी 4064 में पिथौरागढ़ की तरफ लौट रहे थे। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे कार असंतुलित होकर ओखलगाड़ा के पास सड़क से 200 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में कैलाश कश्यप(38), आलोक कश्यप(5), चालक मुरारी निवासी टकाना पिथौरागढ़ और दानिश कुमार निवासी पियाना पिथौरागढ़ की मौत हो गई। जबकि संगीता (33) और अभिषेक (13) घायल हैं। घायल महिला संगीता ने ही मृतकों के नाम बताए।
दुर्घटना की सूचना पाकर बीडीसी सदस्य मदन भैसोड़ा अपने गांव के देव सिंह, गोविंद सिंह, हयात सिंह, सुंदर सिंह, हंसी राम आदि ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकालकर सड़क में पहुंचाया। बाद में दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पाकर भनोली के तहसीलदार डीएस बिष्ट राजस्व कर्मियों को लेकर दुर्घटना स्थल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा जा रहा है।
