
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर ‘किताबी अर्थशास्त्री’ होने का आरोप लगाया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘किताबी अर्थशास्त्री’ हैं। उन्हें जमीनी हकीकत नहीं पता।
साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री पी चिदम्बरम से देश की अर्थव्यवस्था पर संसद में श्वेत पत्र लाने की मांग की है। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में देश की आॢथक स्थिति पर प्रधानमंत्री या वित्त मंत्री से श्वेत पत्र लाने की मांग की जिसमें मूल्य वृद्धि के नियंत्रण रुपए की गिरती स्थिति में सुधार और रोजगार के अवसर के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी हो।
उन्होंने गरीबी घटने के योजना आयोग के दावे को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा के लिए पैसा नहीं है इसलिए सरकार गरीबों की संख्या में कमी की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबी रेखा के नीचे के लोगों की संख्या में कमी की बात इसलिए कह रही है कि उसे खाद्य सुरक्षा पर कम राशि खर्च करनी पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार खाद्य सुरक्षा के लिए वित्तीय भार राज्य सरकारों पर डालना चाहती है।
जोशी ने कहा कि केन्द्र राज्यों से कह रहा है कि यदि उनके यहां अधिक गरीब लोग होंगे तो उनके लिए राशि उसे उपलब्ध करानी होगी।
