
शिमला। राजधानी के लोगों को शुक्रवार सुबह भी जल संकट से जूझना पड़ेगा। वीरवार दोपहर को अश्वनी खड्ड पेयजल योजना की मेन राइजिंग लाइन फिर टूट गई है जबकि गिरि पेयजल योजना लो वोल्टेज के चलते हांफ गई है। इस कारण वीरवार को पेयजल योजनाओं में पानी की पर्याप्त पंपिंग नहीं हो सकी है। उधर, आईपीएच अश्वनी की मेन राइजिंग लाइन की मरम्मत में जुट गया है और गिरि पेयजल योजना के अधिकारी बिजली की वोल्टेज बढ़ने के इंतजार में हैं। ऐसे में शुक्रवार सुबह की सप्लाई पर संशय बना हुआ है।
बुधवार रात को अश्वनी खड्ड पेयजल योजना में करीब साढ़े दस बजे पंपिंग बंद हुई, जो देर रात जाकर दुरुस्त हुई। इस कारण अश्वनी पेयजल योजना से पर्याप्त पानी शहर को नहीं मिल सका। इसी वजह से वीरवार सुबह छोटा शिमला और कसुम्पटी जोन में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। वीरवार दोपहर को अश्वनी में मेन राइजिंग लाइन दोबारा टूट गई है। इसकी मरम्मत वीरवार देर रात तक पूरी होने की संभावना है। उधर, गिरि पेयजल योजना का तीसरा पंप दोपहर बाद लो वोल्टेज के चलते हांफ गया। शाम होते ही पीक ऑवर शुरू होने से तीनों पंपों में पंपिंग बंद हो गई, जो रात दस बजे के बाद ही दुरुस्त हुई है। अश्वनी और गिरि में आई समस्याओं के चलते शुक्रवार सुबह शहर को पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने की संभावना है।
…
प्यासा रहा छोटा शिमला, कसुम्पटी
वीरवार सुबह छोटा शिमला जोन के तहत छोटा शिमला, खलीनी, निगम विहार, झंझीडी, ग्रीन पार्क, वीरखाना, ब्राकहास्ट, पेट्रोल पंप एरिया, साधना घाटी, कसुम्पटी जोन के तहत न्यू शिमला, विकासनगर, मैहली, पंथाघाटी, सरघीण, बीसीएस और विजयनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हुई है। इसके अलावा शाम को टिंबर हाउस, पारसदास गार्डन और ठंडी कोठी और साथ लगते क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं दी गई।
चौड़ा मैदान जोन में नाममात्र सप्लाई
चौड़ा मैदान जोन के बालूगंज, समरहिल, टुटू, चौड़ा मैदान, पांजडी, टुटीकंडी, ओल्ड बैरियर, घोड़ा चौकी सहित आसपास के क्षेत्रों में वीरवार को देर से सप्लाई दी गई। रिज टैंक पर पानी का पर्याप्त लेबल नहीं बनने के चलते इन क्षेत्रों में नाममात्र की सप्लाई दी गई। चक्कर क्षेत्र में नाममात्र पानी भी लोगों को नहीं मिल सका है।
मुस्तैदी से जुटे हैं मरम्मत कार्य में
आईपीएच के अधिशासी अभियंता प्रीत मोहिंद्र सिंह का कहना है कि अश्वनी स्कीम की मरम्मत के काम में कर्मी जुट गए हैं। वीरवार रात तक लाइन दुरुस्त हो जाएगी। गिरि में लो वोल्टेज दूर होने के बाद ही पंपिंग ठीक हो पाएगी। विभागीय कर्मी पूरी मुस्तैदी से जुटे हैं।
आज सुबह हो सकती है दिक्कत
नगर निगम के सहायक अभियंता प्रवीण अग्रवाल का कहना है कि वीरवार सुबह पर्याप्त सप्लाई नहीं मिली, जिसकी वजह से छोटा शिमला में कट लगाना पड़ा है। अगर वीरवार रात को पर्याप्त पंपिंग नहीं हुई तो शुक्रवार सुबह फिर परेशानी हो सकती है। निगम प्रबंधन इस समस्या को लेकर आईपीएच के संपर्क में है।
