हजारों की आबादी के लिए आपात सेवा ठप

बरोट (मंडी)। बीस पंचायताें की हजारों की आबादी के लिए एकमात्र एंबुलेंस सेवा ठप पड़ गई है। पीएचसी बरोट में तैनात 108 आपातकालीन एंबुलेंस के चारों टायर खराब हो गए हैं, लेकिन तीन दिन बाद भी इन्हें बदला नहीं जा सका है। पिछले तीन दिन से चौहारघाटी तथा छोटा भंगाल क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी को आपातकालीन सेवा न मिलने से परेशानी हो रही है।
जानकारी के मुताबिक बीती रात थूजी गांव में एक गर्भवती महिला को आधी रात को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बरोट पंचायत प्रधान चमेल सिंह ने बताया कि आपातकालीन एंबुलेंस सेवा न मिलने से महिला को रात करीब ढाई बजे प्राइवेट गाड़ी करके पीएचसी बरोट लाना पड़ा। पंचायत प्रधान ने बताया कि 108 नंबर आपातकालीन सेवा जिला प्रबंधक को फोन किया तो कहा कि टायर भेजे जा रहे हैं। पंचायत प्रधान का कहना है कि तीन दिन से आपातकालीन एंबुलेंस सेवा नहीं मिल रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। उन्हाेंने एंबुलेंस सेवा को तत्काल बहाल करने की मांग की है। इस संदर्भ में 108 के जिला प्रबंधक विक्रांत ने बताया कि रास्ते खराब हैं। जिस वजह से दिक्कत आ रही है। एंबुलेंस के लिए टायर भेजे जा रहे हैं।

Related posts