सरकाघाट के 6 गांवों में रसोई गैस संकट

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की बरच्छवाड़ पंचायत के आधा दर्जन गांव रसोई गैस संकट की मार झेल रहे हैं। पिछले दो माह से प्रभावित गांवों में गैस सप्लाई नहीं हुई है। इससे सैकड़ाें लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दो माह से गैस की किल्लत से जूझ रहे लोग कई बार एजेंसी कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं। बावजूद इसके लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है। पंचायत के बरच्छवाड़, ठारू, थमेड़ा, सूरजपुर बाड़ी, तताहर तथा सैण आदि गांवों में दो माह से रसोई गैस की सप्लाई नहीं हुई है। लोगों ने अब गैस आपूर्ति के लिए एजेंसी को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। पहले उपमंडल में गैस वितरण चार्ट रूट जारी किया जाता था। जिसके आधार पर लोगों को हर माह गैस सप्लाई हो जाती थी। अब इस व्यवस्था को बंद कर दिया गया है। गैस की किल्लत को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से गैस वितरण चार्ट रूट दोबारा जारी करने की मांग की है। गैस उपभोक्ताआें दलजीत गुलेरिया, राम नाथ, अमर नाथ, शाली ग्राम, सुखराम, जीवन लाल, जगदीश, राजदेव, प्रकाश चंद, गीता देवी, कमला देवी एवं संतोष कुमारी आदि का कहना है कि बरसात की वजह से लकड़ी गीली होने से चूल्हे जलाने में दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणाें ने बताया कि जब एजेंसी कार्यालय में फोन करते हैं तो फोन नहीं उठाया जाता। कई बार उठाने पर रिसीवर को किनारे रख दिया जाता है। लोगों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उपभोक्ताआें ने चेताया है कि यदि तीन दिन के अंदर आपूर्ति नहीं हुई तो सीधे एजेंसी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस बारे में क्षेत्रीय प्रबंधक खाद्य एवं आपूर्ति निगम कपिल गुप्ता ने दो दिन के भीतर प्रभावित गांवों में गैस आपूर्ति का आश्वासन दिया है।

Related posts