
भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत दर्जनों सड़कों को बारिश से भारी नुकसान हुआ है। बरसात का मौसम लोक निर्माण विभाग के लिए किसी आफत से कम नहीं है। बारिश से अब तक लोक निर्माण विभाग की सड़कों को करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये की चपत लग चुकी है। वहीं, सड़काें को तो नुकसान पहुंच चुका है। बारिश के कारण मरम्मत कार्य भी नहीं हो पा रहा है। इस कार्य में बारिश बाधा बन रही है।
घुमारवीं उपमंडल के तहत दर्जनों सड़कें बारिश से तहस- नहस हो चुकी हैं। कई सड़कों पर गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं। आम जनता को भी समस्या उठानी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग ने करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया है। यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो विभाग को और अधिक नुकसान उठाना पड़ेगा। बारिश के चलते सड़क किनारे पानी की निकासी को बनी नालियाें को भी नुकसान हुआ है। इससे नालियाें का पानी सड़कों से गुजर रहा है। उधर, घुमारवीं-कुठेड़ा-बलद्वाड़ा सड़क को भी करीब 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस सड़क पर तो हर पल ही खतरा बना हुआ है। उक्त रोड़ सुपर हाइवे बनना प्रस्तावित है। इस ओर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग अधिकारी नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने में जुटे हुए हैं। जल्द ही विभागीय उच्च अधिकारियों को भेजी जा सके।
लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के अधिशासी अभियंता पीसी वर्मा ने कहा कि बारिश से सड़कों को करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। रिपोर्ट तैयार कर विभागीय उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
