
चंबा। जिला के चार स्कूलों का सारा रिकार्ड अब एक क्लिक पर नजर आएगा। इनमें तीन गर्ल्स और एक ब्वायज स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों में बच्चों की संख्या, अध्यापकों की संख्या और बजट के विवरण से लेकर कार्यालय का संपूर्ण डाटा आनलाइन होगा।
जानकारी के मुताबिक आर्य भट्ट जीओ इन्फार्मेशन स्पेस एप्लीके शन सेंटर की ओर से एक नया सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। इस साफ्टवेयर को प्रदेश के 50 के करीब स्कूलों में पायलट बेस पर लांच किया जा रहा है। इसमें जिला चंबा के तीन गर्ल्स और एक ब्वायज स्कूल को भी शामिल किया गया है। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल विद्यालय चंबा, राजकीय हाई स्कूल सिहुंता, चंबा और भरमौर शामिल हैं। इन स्कूलों में इस नए सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्कूल का सारा रिकार्ड आनलाइन किया जाएगा। शिक्षा विभाग के नोडल आफिसर अजय चौहान ने बताया कि पहले संबंधित स्कूल के शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए 26 जुलाई को शिमला स्थित गर्ल्स स्कूल पोर्टमोर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित स्कूलों के मुखिया को निर्देश जारी किए हैं कि तय तारीख को स्कूल के एक शिक्षक और एक गैर शिक्षक को कार्यशाला में भेजें। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला के चार स्कूलों का रिकार्ड आनलाइन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित स्कूल के मुखिया को पहले ट्रेंड किया जाएगा। इसके बाद स्कूल का सारा विवरण एक क्लिक पर मिल जाएगा।
