
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। इंडियन एक्स सर्विसेज लीग की बैठक वीरवार को राधा-कृष्ण मंदिर में हुई। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर इंडियन एक्स सर्विसेज लीग के स्टेट चेयरमैन मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने शिरकत की। बैठक में उपमंडल देहरा के कई पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने हिस्सा लिया। इसमें पूर्व सैनिकों ने समस्याओं को उठाया और उनके शीघ्र हल की मांग की। पूर्व सैनिकों ने सीएसडी कैंटीन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
रिटायर्ड सूबेदार मेजर जयगोपाल सिंह और गुरचरण सिंह ने कहा कि कैंटीन को बने हुए दो दशक से ज्यादा का समय हो चुका है। लेकिन आज तक उसे अपना भवन नसीब नहीं हो पाया। देहरा की सीएसडी कैंटीन आज भी सैनिक रेस्ट हाउस में चल रही है। उपमंडल देहरा में 11 हजार कैंटीन कार्ड होल्डर हैं। लेकिन उनके लिए छोटी सी कैंटीन पूरी सुविधा नहीं दे पा रही है। कैंटीन में सामान लेने के लिए पूर्व सैनिकों को सुबह सात बजे ही लाइन में लगना पड़ता है। इससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नए भवन के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा वन रैंक वन पेंशन, कई पूर्व सैैनिकों को आनरेरी रैंक मिलने पर कम पेंशन मिलने बात भी उठी, ईसीएचएस देहरा में डाक्टरों की कमी पर भी चरचा की गई।
इस मौके पर लीग के प्रदेश उपाध्यक्ष किशोर ठाकुर, रिटायर्ड ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह राणा, गुरचरण सिंह, देहरा इकाई के अध्यक्ष बलजीत डढवाल, तारा चंद, बलराज शर्मा, अनिल राणा, पोली क्लीनिक के रिटायर्ड कर्नल पीसी राणा, जगदीश सिंह, कर्नल एमसी शर्मा, जेडी मनकोटिया, कल्याण अधिकारी देहरा शाहद्दीन आदि उपस्थित रहे।
