
धर्मशाला। शाहपुर विस क्षेत्र के रैत बाजार में एक दुकान आग की भेंट चढ़ गई। शार्ट सर्किट आग का कारण बताया जा रहा है। कंफेक्शनरी की दुकान में आधी रात को लगी आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
वहीं वीरवार को एसडीएम डा. हरीश गज्जू व नायब तहसीलदार विनय कुमार ने मौके का दौरा किया। अधिकारियों ने पटवारी को नुकसान का सही आंकलन करने व अन्य अधिकारियों को घटना के कारणों की जांच करने के आदेश जारी किए। वहीं बिजली बोर्ड के एसडीओ ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का दौरा किया। दुकान के मालिक वीर सिंह पुत्र रसालू राम का कहना है कि उन्होंने दुकान में 25 हजार एक सौ रुपये कैश रखा हुआ था। इसके अलावा दुकान में रखा सारा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग की है। उधर, नायब तहसीलदार विनय कुमार का कहना है कि नुकसान का आंकलन कर पीड़ित को प्रशासन की ओर से उचित मुआवजा दिया जाएगा।
