सचिवालय का रास्ता बहाल, लोगों को राहत

कुल्लू। जिला मुख्यालय के मिनी सचिवालय पहुंचने के लिए अब लोगों को तीन फुट की दीवार नहीं फांदनी पड़ेगी। न ही 200 मीटर का चक्कर काटकर आना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने दीवार को तोड़कर यहां गेट लगाने का काम शुरू कर दिया है। इस मामले को अमर उजाला ने 21 जुलाई के संस्करण में …मिनी सचिवालय का रास्ता बंद, लोग तंग शीर्षक से उठाया था। जिला प्रशासन ने इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आम लोगों की इस समस्या को दूर करने की पहल शुरू कर दी है। वीरवार को प्रशासन के आदेशानुसार दीवार को तोड़ कर यहां एक गेट लगाने का काम आरंभ कर दिया है। अब लोगों आसानी से अपने काम को निपटाने के लिए मिनी सचिवालय आ सकेंगे।
प्रशासन द्वारा शुरू की गई इस पहल का लोगों, मिनी सचिवालय में तैनात सैकड़ों अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वागत किया है। साथ ही डीसी राकेश कंवर का आभार जताया है। गौरतलब है कि एडीएम और एसडीएम कार्यालय के साथ लगी इस दीवार के चलते लोगों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ती थी। लोगों को मिनी सचिवालय में ड्राइविंग लाइसेंस, अपंगता प्रमाण पत्र, पेंशन, विधवा तथा बुजुर्ग पेंशन संबंधी काम करवाने में खासी परेशआनी होती थी। यह समस्या छह-सात माह से चल रही थी। मिनी सचिवालय में काम से आए आनी के गोविंद सिंह, तेज राम ठाकुर और राकेश कुमार ने उपायुक्त कुल्लू की इस पहल का स्वागत किया है।

सचिवालय में इन विभागों के हैं कार्यालय
सचिवालय में आरटीओ, श्रम, रोजगार, कृषि,उद्यान, मृदा संरक्षण, जिला उपभेाक्ता फोरम, जिला न्यायवादी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा जिला लोक सपंर्क अधिकारी उच्च,शिक्षा, कल्याण विभाग, ट्रेजरी, रजिस्टार सहकारी सभाएं तथा डीआरडीए कार्यालय होने से यहां दिन भर सैकड़ों लोगों को आना जाना लगा रहता है।
लोगों के हित में उठाया कदम
समस्या को दूर करने का काम शुरू कर दिया है। दीवार और यहां लगी ग्रिल को हटा दिया है तथा गेट का निर्माण किया जा रहा है। एक-दो दिन में यह रास्ता आम लोगोें की सुविधा के लिए नियमित रूप से चालू होगा।
राकेश कंवर उपायुक्त कुल्लू

Related posts