
कुल्लू। जिले के पेंशनरों को 20 अगस्त से पूर्व लाइव सर्टिफिकेट जमा करने होंगे। अमल न करने वालों की गत वर्ष की तरह पेंशन रोकी जा सकती है। इस बाबत जिला कोष विभाग से निर्देश जारी हो चुके हैं।
जिला कुल्लू में 849 नए पेंशनर कोष कार्यालय में दर्ज हुए हैं। पेंशनरों का आंकड़ा अब 5000 के करीब पहुंच गया है। गत वर्ष 4151 पेंशनर थे। पेंशनरों को मोबाइल फोन के जरिये लाइव सर्टिफिकेट जमा करने को अलर्ट किया जा रहा है। कोष विभाग ने पेंशनरों से आग्रह किया है कि 20 अगस्त तक लाइव सर्टिफिकेट जमा नहीं किए तो गत वर्ष की भांति पेंशन रोक दी जाएगी। इसकी पुष्टि जिला कोष अधिकारी युद्धवीर सिंह ठाकुर ने की है।
कोष कार्यालय द्वारा पेंशनरों को लाइव सर्टिफिकेट जमा करवाने के लिए मोबाइल फोन के जरिये अलर्ट किया जा रहा है। अब कुल्लू जिला के दूरदराज क्षेत्रों के पेंशनरों के लिए विभाग ने नई रूपरेखा तैयार की है। आनी, निरमंड, बंजार और मनाली क्षेत्रों के पेंशनरों को जिला मुख्यालय आने की जरूरत नहीं। वे अपने ही उपमंडल में दस्तावेज जमा करवा सकते हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार गत वर्ष भी पेंशनरों के लाइव सर्टिफिकेट समय पर नहीं पहुंच पाने से 702 पेंशनरों की पेंशन रोकनी पड़ी थी।
विभाग को पेंशनरों के जीवित रहने का पता लगाना मुश्किल हुआ था। इस वर्ष 849 और पेंशनर बढ़ गए हैं। जिला में पेंशनरों की संख्या 5000 हो गई है। गत वर्ष 4151 पेंशनर कोष कार्यालय में दर्ज थे।
जिला कोष अधिकारी युद्धवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि पेंशनरों को हर वर्ष जुलाई में अपना लाइव सर्टिफिकेट रिन्यू करना होता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 20 अगस्त तक पेंशनरों के जीवित प्रमाण पत्र लिए जाएंगे। पेंशनर अंतिम तिथि तक लाइव सर्टिफिकेट जमा नहीं करवाता है तो उसकी पेंशन रोकी जा सकती है।
