
जुब्बल (शिमला)। जुब्बल पुलिस ने बुधवार देर रात नाके के दौरान चोरी करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी में शामिल एक अन्य व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब ढाई बजे पुलिस की टीम ने पराऊंटी के समीप नाका लगाया हुआ था। उस समय गश्त के दौरान पुलिस की नजर परांऊटी गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी मारुति कार एचपी 10 ए-0278 पर पड़ी। इसमें बृजलाल व एक अन्य व्यक्ति बैठे थे। इसी बीच बृजलाल ने पुलिस को समीप आता देख गाड़ी को तेज रफ्तार में दौड़ाया। पुलिस ने शक के आधार पर गाड़ी का पीछा किया। दोनों आरोपी रात के समय काफी देर तक पुलिस को छकाते रहे। इसी बीच बरथाटा के समीप सड़क पर गाड़ी खड़ी करके दोनाें व्यक्ति जंगल में भाग गए। इस दौरान पुलिस ने बृजलाल को पकड़ने में तो सफलता प्राप्त कर ली, लेकिन दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जुब्बल पुलिस थाना प्रभारी वीरी सिंह ने बताया कि रात को नाका लगाकर पुलिस के जवान गश्त पर थे। इसी बीच गाड़ी चोरी करते हुए व्यक्ति पर पुलिस की नजर पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा है। आरोपी व्यक्ति पहले भी गाड़ी चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है। एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ है, जिसकी तलाश जारी है।
