
रानीखेत। विधायक और नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने कहा है कि भतरौंज-रीची-थापल पंपिंग पेयजल योजना के पंपों की मरम्मत और मेन पाइप के पुनर्गठन को वित्त विभाग ने 52.59 लाख की स्वीकृति दी है। लाइन पुनर्गठित होने से विधानसभा के कई गांवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में रहा है।
श्री भट्ट ने कहा कि विभाग ने भतरौंज-रीची-थापल पंपिंग पेयजल योजना की मेन लाइन के पुनर्गठन के लिए 71.06 लाख का आंगणन शासन को भेजा था। वित्त विभाग ने 52.59 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। इससे जैना, मुसोली, हिड़ाम, भतरौंजखान बाजार सहित 16 से अधिक गांव लाभान्वित होंगे। शासनादेश जारी हो गया है। शीघ्र ही मरम्मत और पुनर्गठन का काम शुरू होगा। श्री भट्ट ने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। बुनियादी सुविधाओं से वंचित लोगों को भी वह सुविधाएं मुहैया कराने का भरपूर प्रयास करेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रुकेगा। उन्होंने क्षेत्र और प्रदेश के विकास के लिए बुद्धिजीवियों और युवाओं से बढ़चढ़कर आगे आने का आह्वान किया है।
